पेंशनरों ने बकाया भुगतान-महंगाई भत्ते की उठाई मांग

By: Jul 5th, 2026 12:49 am

पांवटा शहर की बदहाल व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी, जलभराव, अतिक्रमण और ट्रैफिक समस्याओं के समाधान की गुहार
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
हिमाचल पेंशनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन पांवटा साहिब की बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष अनिता चड्ढा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों के लंबित बकाया भुगतान, महंगाई भत्ते (डीए), चिकित्सा सुविधाओं और पांवटा शहर की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एसोसिएशन ने कहा कि सरकार की घोषणाओं और जमीनी स्तर पर उनकी क्रियान्विति में बड़ा अंतर है और लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। बैठक में सदस्यों ने कहा कि सरकार ने चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए बजट प्रावधान की घोषणा की थी, जिसका एसोसिएशन ने स्वागत किया था। बावजूद इसके अब तक किसी भी पेंशनर को चिकित्सा बिलों का भुगतान नहीं मिला है। एसोसिएशन ने बताया कि सरकार ने 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनरों के सभी बकाया भुगतान किए जाने का दावा किया था, जबकि 8 सितंबर 2022 के आदेश के तहत संशोधित पेंशन का 2 फरवरी 2022 से 7 सितंबर 2022 तक का सात माह सात दिन का एरियर अभी भी 70 और 80 वर्ष आयु वर्ग के कई पेंशनरों को नहीं मिला है।

बैठक में महंगाई भत्ते का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वर्तमान में पेंशनरों को 45 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जबकि 60 प्रतिशत देय है। इस प्रकार उन्हें 15 प्रतिशत डीए से वंचित रखा जा रहा है। बैठक में पांवटा साहिब शहर की अव्यवस्थित स्थिति पर भी चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि पहली ही बारिश में शहर जलभराव की समस्या से जूझने लगा। यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है और राष्ट्रीय राजमार्ग के पैदल मार्गों पर अतिक्रमण अब भी बना हुआ है। उन्होंने बद्रीपुर चौक और बैरियर क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था करने और वाई प्वाइंट, बांगरण चौक और विश्वकर्मा चौक पर ट्रैफिक लाइट लगाने की मांग की। बैठक में अनिता चड्ढा, टीपी सिंह, विजय पाल, बीएस नेगी, केके चड्ढा, लखबीर सिंह, वीसी छिब्बर, इंद्र पाल, सतपाल, एनडी सरीन, जितेंद्र, विजय, एमएल चौहान, वाईके जमवाल, केएल चौधरी, यशपाल, आरके अग्रवाल, शांति स्वरूप और जवाहर सिंह पाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App