रियूंद पुल पर अंतिम स्पैन चढ़ते ही लोगों में जश्न, बांटी मिठाइयां

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

सैकड़ों लोगों ने देखा विकास का नजारा; कछियारी-रानीताल फोरलेन को मिली नई रफ्तार; ब्रिज का सबसे अहम कार्य पूरा

जिला संवाददाता- कांगड़ा
कांगड़ा फोरलेन का इतिहास लिख रहे रियूंद पुल पर बुधवार को अंतिम स्पैन डाला गया, तो लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस नजारे को देखने के लिए वहां सैकड़ों लोग उमड़ पड़े और रोमांचित हो गए, वहां मिठाइयां बांटी गई हैं। कछियारी से रानीताल तक फोरलेन के सफर के लिए इंतजार अब खत्म होने जा रहा है, तो लोगों में खुशी है। मटौर-शिमला फोरलेन पर समेला के नजदीक रियूंद पुल पर निर्माणाधीन फोरलेन पुल के पूरा करने के लिए कर्मचारी दिन-रात पूरी शिद्दत से जुटे हैं। ज्वाइंट और स्पेन स्ट्रक्चर रखने का मुश्किल कार्य कंप्लीट हो गया है। इसके लिए हैवी मशीनरी और क्रेन का प्रयोग किया गया। अब साइड एप्रोच और डंगे लगाने के बाद पुल का निर्माण पूरा हो जाएगा।

कछियारी से रानीताल तक सितंबर तक कार्य मुकम्मल होने की दलील दी जा रही है। सुरंग के दोनों छोर एनएएचआई पहले ही खोल चुकी है। रियूंद पुल के बन जाने के बाद ही कछियारी से टनल के पास सडक़ को सुरंग के साथ जोड़ा जा सकेगा। इस पुल के बन जाने के बाद कछियारी से रानीताल तक करीब 15 मिनट में पहुंचा जा सकेगा, जहां तक सुरंग की बात है, तो समेला सुरंग की दोनों छोर सफलतापूर्वक पिछले साल की ब्रेक थ्रू कर दिए गए थे। इस सुरंग की कुल लंबाई लगभग 600 मीटर है। साढ़े दस मीटर इस सुरंग की ऊंचाई व 13 मीटर इसकी चौड़ाई है। सुरंग के अंदर फुटपाथ, वेंटिलेटर, मोबाइल नेटवर्क व अन्य सुविधा भी लोगों को मिलेगी। इसके अलावा स्मोक डिटेकटर फायर अलार्म, स्प्रिंकल सिस्टम, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, ट्रैफिक सिग्नल, परिवर्तनीय संदेश संकेत, स्वचालित टोल सिस्टम, पंपिंग स्टेशन, जल निकासी पाइप और बैकअप जनरेटर यूपीएस सहित तमाम सारी आधुनिक सुविधाएं होंगी। डबल सुंरग में न्यू ऑस्ट्रेलिया टेक्नोलॉजी मेथड का प्रयोग किया गया है, जिसमें एक विशेष अंब्रेला बनाकर अंदर कोई दुर्घटना न हो, ऐसी सपोर्ट और आधुनिक सिस्टम अपनाया गया है। इस सुरंग का नाम कांगड़ा ट्विन ट्यूब सुरंग रखा गया है। दोनों सुरंगों की लंबाई लगभग 1200 मीटर है। परियोजना के पूरा होने पर रानीताल-कांगड़ा के बीच की लंबाई छह किमी कम हो जाएगी, यात्रा का समय 45 मिनट से घटकर केवल 15 मिनट रह जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App