टेट-डीएलएड परीक्षाओं को योजना तैयार, शिक्षा बोर्ड ने सभी शाखाओं को कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

By: Jul 13th, 2026 10:18 pm

नगर संवाददाता — धर्मशाला

प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की परीक्षाओं और अन्य परीक्षा संबंधी गतिविधियों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने बोर्ड मुख्यालय में सचिव, अतिरिक्त सचिव तथा सभी उप सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी बोर्ड परीक्षाओं, शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट), डीएलएड प्रवेश परीक्षा और डीएलएड की नियमित परीक्षाओं के संचालन को पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में बोर्ड अध्यक्ष ने विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में परीक्षा प्रबंधन, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, तकनीकी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा समय पर परिणाम घोषित करने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बोर्ड का उद्देश्य परीक्षा से परिणाम तक की पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाना और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी से बचाना है। डा. राजेश शर्मा ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी शाखाएं समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि आगामी सत्र की सभी परीक्षाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App