स्कॉलर्स होम पांवटा के खिलाडिय़ों का वुशु में दमदार प्रदर्शन, सात पदक जीते
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
द स्कॉलर्स होम स्कूल, पांवटा साहिब के विद्यार्थियों ने 23वीं हिमाचल प्रदेश जूनियर बालक एवं बालिका वुशु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य सहित कुल सात पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता 14 और 15 जुलाई को हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, हमीरपुर में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर के खिलाडय़िों ने भाग लिया। विद्यालय की ओर से आरव कुमार और वंशिका ने स्वर्ण पदक, चक्षु और इशप्रीत कौर ने रजत पदक, जबकि मनूर सिंह कंवर, तनवीर सिंह और ऋषि शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्वर्ण पदक विजेता आरव कुमार और वंशिका का चयन सितंबर 2026 में चेन्नई में आयोजित होने वाली जूनियर राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जहां वे हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय के प्रबंधन निदेशक डॉ. नरेंद्र पाल सिंह नारंग ने खिलाडय़िों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। उन्होंने वुशु कोच अमित कुमार, खेल विभागाध्यक्ष डॉ. कुलदीप कुमार बट्टन तथा सभी खेल प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना की। निदेशक गुरमीत कौर नारंग और वरिष्ठ प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा ने भी सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

