PM मोदी 17 जुलाई को करेंगे पंजाब के चार अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का करेंगे उद्घाटन
चंडीगढ़। पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। ढिल्लों ने बताया कि प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन स्वयं करेंगे, जबकि एस.ए.एस. नगर (मोहाली), श्री मुक्तसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशनों को वर्चुअल माध्यम से राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के रेलवे बुनियादी ढांचे के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस करते हुए विश्वस्तरीय परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित किया गया है, साथ ही उनकी स्थानीय सांस्कृतिक और वास्तुकला विरासत को भी संरक्षित रखा गया है।
उन्होंने बताया कि पुनर्विकास कार्यों के तहत यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं, दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच, आधुनिक प्रतीक्षालय, विस्तृत कॉनकोर्स, उन्नत प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एस्केलेटर और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की गयी हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देकर उन्हें बेहतर कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास के केंद्र के रूप में विकसित करना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के इन चार स्टेशनों का उद्घाटन राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार रेल, सड़क और अन्य आधारभूत परियोजनाओं के माध्यम से पंजाब के समग्र विकास के लिए लगातार निवेश कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

