Punjab News: अमृतसर में 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
अमृतसर। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार संचालित एक हेरोइन तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (शहीद ऊधम सिंह नगर, अमृतसर) और गगनदीप सिंह (भल्ला कॉलोनी, अमृतसर) के रूप में हुई है।
गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिसका संबंध सीमा पार सक्रिय ड्रग तस्करों से है। दोनों विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप उठाकर पंजाब के अलग-अलग इलाकों में आगे आपूर्ति करने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हाल ही में हेरोइन की बड़ी खेप लेकर आये हैं और उसे थाना कंबो क्षेत्र के गौंसबाद इलाके में आगे पहुंचाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर ली।
उन्होंने बताया कि छह जुलाई से अब तक यह काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की तीसरी बड़ी सफलता है। पिछले 10 दिनों में कुल 68 किलोग्राम हेरोइन बरामद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि छह जुलाई को 13 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। सात जुलाई को 25 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन अन्य तस्करों को पकड़ा गया था। चौदह जुलाई को 30 किलोग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस तस्करी नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि पूरे गिरोह और आपूर्ति शृंखला का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने दोहराया कि पंजाब पुलिस राज्य को नशामुक्त बनाने और सीमा पार से संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

