प्रो. आर.के. गुप्ता को मिला सिल्वर एलीफेंट अवार्ड
हरियाणा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राज्य कोषाध्यक्ष-स्टेट कमिश्नर नियुक्त, विश्वविद्यालय में खुशी की लहर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। विश्वविद्यालय के प्रो.चांसलर प्रो. आरके गुप्ता को हरियाणा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का राज्य कोषाध्यक्ष तथा स्टेट कमिश्नर नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें स्काउटिंग एवं गाइडिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान सिल्वर एलीफेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। यह नियुक्ति हरियाणा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 44वीं वार्षिक बैठक के दौरान हरियाणा लोक भवन में राज्य मुख्य आयुक्त डा. केके खंडेलवाल द्वारा की गई। समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष ने प्रो. आरके गुप्ता को सिल्वर एलीफेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। सिल्वर एलीफेंट अवार्ड स्काउटिंग एवं गाइडिंग के क्षेत्र में भारत का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान माना जाता है। यह पुरस्कार संगठन के विकास एवं विस्तार, उत्कृष्ट सेवाओं, समर्पण और प्रेरणादायी नेतृत्व के लिए प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर प्रो. आरके गुप्ता ने हरियाणा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए अत्यंत सम्मान और जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी स्काउटिंग एवं गाइडिंग की भावना को आगे बढ़ाने तथा युवाओं में सेवाए अनुशासन और नेतृत्व के मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। प्रो. आरके गुप्ता की इस उपलब्धि पर महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय के चांसलर नामित सुरेश गुप्ता, कुलपति प्रो. प्रदीप सिंह वालिया तथा रजिस्ट्रार प्रो. पंकज नांगलिया ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल प्रो. गुप्ता की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय और स्काउटिंग आंदोलन दोनों को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

