मुबारिकपुर में बिजली बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी, बिजली कटौती से लोग परेशान, सडक़ जाम करने की चेतावनी
निजी संवाददाता- डेराबस्सी
डेराबस्सी इलाके में बिजली और पानी की समस्या अभी भी बनी हुई है। बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। शनिवार देर रात गोल्डन पाम, बेला होम्स, साईं एन्क्लेव, विपक्ष वी आई पी एन्क्लेव समेत आधा दर्जन से ज़्यादा सोसायटियों के निवासी मुबारिकपुर पावर ग्रिड पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ग्रिड का घेराव कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से हर रात घंटों बिजली गुल हो रही है। दिन में बार-बार बिजली कटौती होने से पानी की सप्लाई प्रभावित रहती है।
बिजली बोर्ड के अधिकारियों को बार-बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिल रहा है। शुक्रवार रात को भी काफी देर तक बिजली गुल रही थी। उस समय लोग ग्रिड पर पहुंचे तो बाद में बिजली सप्लाई बहाल हो गई थी। शनिवार रात को भी यही स्थिति रही। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब सप्लाई बहाल नहीं हुई तो बड़ी संख्या में लोग दोबारा ग्रिड पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ग्रिड में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी बिजली जाने का कोई सही कारण नहीं बता पाए। इसके बाद लोगों ने सरकार, बिजली बोर्ड और डेराबस्सी प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। कुछ देर नारेबाजी के बाद बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई। दूसरी ओर, मीरपुर गांव के लोग भी परेशान थे और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारे लगाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

