पांवटा में जलभराव से राहत दिलाने मैदान में उतरे जनप्रतिनिधि
निर्मल कौर, इंदरजीत सिंह मिक्का और पार्षद मयंक चौहान ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण; स्थायी समाधान का दिलाया भरोसा, जेसीबी से करवाई पानी की निकासी
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
लगातार हो रही बारिश के चलते पांवटा साहिब के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। समस्या की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष पद की उम्मीदवार निर्मल कौर, उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार इंदरजीत सिंह मिक्का तथा वार्ड-10 के पार्षद मयंक चौहान मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जेसीबी मशीन के माध्यम से जल निकासी का कार्य तत्काल शुरू करवाया।
टीम ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और बंद नालियों व जल निकासी मार्गों की सफाई करवाई, जिससे रुका हुआ पानी तेजी से बाहर निकल सके और लोगों को राहत मिल सके। निर्मल कौर ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या आम होती है, लेकिन समय पर कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार इंदरजीत सिंह मिक्का ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी लगाकर जल निकासी शुरू करवाई गई। उनका कहना था कि भविष्य में जलभराव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी ठोस योजना तैयार की जाएगी, ताकि मानसून के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जल निकासी का कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की और जनप्रतिनिधियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

