Punjab: फिल्लौर में नाके पर 6 युवक गिरफ्तार, अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद
फगवाड़ा। पंजाब में फिल्लौर पुलिस ने विशेष नाकाबंदी के दौरान छह युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित आपराधिक साजिश को विफल कर दिया गया। फिल्लौर के पुलिस उप अधीक्षक भारत मसीह ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के मजीठा क्षेत्र के बोरेवाल निवासी मेहकप्रीत सिंह उर्फ रोहित, बटाला के फतेहगढ़ चूड़ियां निवासी करनदीप सिंह उर्फ करण, बड्डोवाल कलां निवासी रमनप्रीत सिंह, मजीठा के कोटला गुज्जरां निवासी राजेश्वर, अमृतसर के सकतपुरा जठेरा निवासी मनदीप सिंह तथा अमृतसर कैंट के सदर बाजार निवासी निखिल के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि एएसआई धर्मिंदर सिंह अपनी टीम के साथ हाईटेक नाके पर तैनात थे। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त आरोपी लुधियाना से फिल्लौर की ओर सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार में आ रहे हैं। सूचना के अनुसार उनके पास अवैध हथियार हैं, जिन्हें वे या तो बेचने वाले हैं अथवा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी और कड़ी कर दी तथा संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से एक अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद सभी छह आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत, उसके इस्तेमाल के उद्देश्य तथा आरोपियों के किसी संगठित आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधों की जांच कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

