पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य का घेराव

By: Jul 5th, 2026 12:50 am

सोलन-सुबाथू सडक़ की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, डांगरी पंचायत के स्थानीय लोगों ने सौंपा ज्ञापन
निजी संवाददाता सोलन
सोलन-सुबाथू मार्ग की जर्जर हालत को लेकर शनिवार को ग्राम पंचायत डांगरी में क्षेत्रवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। ग्राम पंचायत डांगरी के पंचायत घर के बाहर प्रधान भूपेंद्र सिंह (सन्नी) के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह का घेराव किया और सडक़ के शीघ्र सुधार की मांग को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि सोलन-सुबाथू मार्ग कई वर्षों से बदहाल स्थिति में है। सडक़ पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और बरसात के दौरान जलभराव के कारण वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों और मरीजों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना था कि यह मार्ग क्षेत्र की कई पंचायतों को जिला मुख्यालय सोलन से जोडऩे वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन इसके बावजूद लंबे समय से इसकी अनदेखी की जा रही है।

ग्राम पंचायत डांगरी के प्रधान भूपेंद्र सिंह (सन्नी) ने कहा कि क्षेत्र की जनता कई वर्षों से सडक़ के निर्माण और सुदृढ़ीकरण की मांग कर रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। घेराव के दौरान क्षेत्रवासियों ने सडक़ निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी भी जताई। लोगों ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए इस मार्ग का बेहतर होना बेहद जरूरी है और अब जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम शुरू होते देखना चाहती है। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और सडक़ की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि सोलन-सुबाथू मार्ग की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत डांगरी के पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App