काठगढ़ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की कतारें

By: Jul 28th, 2026 12:01 am

श्रावण मास के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर की सुख-शांति की कामना

निजी संवाददाता- इंदौरा
देवों के देव महादेव को समर्पित पावन श्रावण मास के दूसरे सोमवार को जिला कांगड़ा के इंदौरा स्थित ऐतिहासिक एवं विश्वविख्यात काठगढ़ महादेव मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन कर परिवार की सुख.समृद्धिए उत्तम स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की। श्रावण मास का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस पवित्र माह में भगवान शिव की पूजा-अर्चना और दर्शन करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है।

यही कारण है कि श्रावण के प्रत्येक सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। काठगढ़ महादेव मंदिर में केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रबंधन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही। पूरे दिन श्रद्धालुओं का मंदिर में आने का सिलसिला जारी रहा और काठगढ़ महादेव धाम शिवभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App