बारिश से जिलाभर में 63 सडक़ें बंद, पीडब्ल्यूडी को करोड़ों की चपत

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित; जलशक्ति विभाग को भी 19 लाख से अधिक का नुकसान, भगवानपुर में करंट लगने से गोवंश की मौत
कार्यालय संवाददाता-नाहन
जिला सिरमौर में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते बुधवार को लोक निर्माण विभाग के अधीन 63 सडक़ें यातायात के लिए बंद रहीं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि पहले बंद हुई 73 सडक़ों में से 10 को बहाल कर दिया गया है, जबकि 63 मार्गों पर बहाली का कार्य जारी है। सबसे अधिक 25 सडक़ें शिलाई मंडल में, 16 संगड़ाह, आठ-आठ नाहन और सराहां, पांच राजगढ़ तथा एक सडक़ पांवटा साहिब मंडल में बंद रही। लगातार बारिश से लोक निर्माण विभाग को दो दिनों में दो करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। वहीं जलशक्ति विभाग को भी भारी क्षति पहुंची है।

अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन ने बताया कि शिलाई की दो और राजगढ़ की एक पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हुई है, जिससे विभाग को 19 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। बारिश के बीच पांवटा साहिब के भगवानपुर में करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में ददाहू-रेणुकाजी क्षेत्र में 70 मिलीमीटर और धौलाकुआं और नाहन में करीब 30 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App