चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, ट्रैफिक पुलिस ने तैयार किया नया प्लान

By: Jul 27th, 2026 8:10 pm

मुकेश संगर – चंडीगढ़

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के आसपास लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने अंबाला मंडल के रेलवे अधिकारियों और चंडीगढ़ रोड सेफ्टी सोसायटी के विशेषज्ञों के साथ संयुक्त ट्रैफिक सर्वे किया। सर्वे का उद्देश्य जाम के प्रमुख कारणों की पहचान कर यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए व्यावहारिक उपाय तय करना था। सर्वे के दौरान पाया गया कि रेलवे स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार पर सीटीयू बसों एवं अन्य वाहनों के बीच टकराव, टैक्सियों का अनधिकृत ठहराव, ऑटो-रिक्शा की अव्यवस्थित पिक-अप और ड्रॉप व्यवस्था तथा अवैध पार्किंग जाम के मुख्य कारण हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं। सीटीयू बस स्टॉप को व्यवस्थित कर बसों के समानांतर खड़े होने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यात्रियों के चढ़ने और उतरने में सुविधा हो। रेलवे लाइट प्वाइंट के पास सीटीयू बसों के यू-टर्न को लगभग 100 मीटर आगे स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है, जिससे सिग्नल क्लियरेंस बेहतर होगी और जाम कम होगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के निकास द्वार से आगे बस स्टॉप स्थानांतरित करने की संभावना भी संबंधित विभागों के साथ मिलकर जांची जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार के सामने टैक्सियों के अनधिकृत ठहराव पर सख्ती करेगी और इसके लिए विशेष ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं ऑटो-रिक्शा के लिए अलग पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ जोन बनाने तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी योजना है। संयुक्त टीम ने यह भी पाया कि दोपहर के समय कई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के एक साथ आगमन और प्रस्थान के कारण स्टेशन पर यात्रियों और वाहनों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। विशेष रूप से अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-6 (पंचकूला साइड) से रवाना होती है। ऐसे में इस ट्रेन के यात्रियों को, जहां संभव हो, पंचकूला की ओर से रेलवे स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि रेलवे अधिकारियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से इन प्रस्तावित उपायों को लागू किया जाएगा, जिससे रेलवे स्टेशन के आसपास यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और जाम-मुक्त बनाया जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App