टीएमसी में जुटे देश के नामी रेडियोलॉजिस्ट

By: Jul 10th, 2026 12:50 am

हेड एंड नेक रेडियोलॉजी पर 175 से ज्यादा विशेषज्ञों ने किया मंथन

स्टाफ रिपोर्टर- टीएमसी
डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा के रेडियोडायग्नोसिस विभाग की ओर से इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए) और इंडियन कॉलेज ऑफ रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग (आईसीआरआई) के सहयोग से दो दिवसीय डॉ. हरनाम सिंह मिड टर्म सीएमई 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन का विषय हेड एंड नेक रेडियोलॉजी रहा, जिसमें देशभर से आए प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट, विशेषज्ञों, शिक्षकों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आरपीजीएमसी टांडा के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने किया। सम्मेलन में रेडियोलॉजी क्षेत्र के विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर अपने विचार रखे।

वैज्ञानिक सत्रों में एम्स, पीजीआई चंडीगढ़, एम्स बिलासपुर, एम्स राजकोट सहित देश के विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। इस दौरान 175 से अधिक संकाय सदस्यों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों के लिए व्यावहारिक कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें अल्ट्रासाउंड गाइडेड एफएनएसी, बायोप्सी और नेक अल्ट्रासोनोग्राफी जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। सम्मेलन में 18 मौखिक शोध पत्र, 32 ई-पोस्टर प्रस्तुतियां और रेडियोलॉजी क्विज आयोजित की गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने सभी विशेषज्ञों, प्रतिभागियों, सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App