Punjab : डेराबस्सी में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, किया अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
हक पाने को प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा; अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान, कर्मचारियों ने जमकर की नारेबाजी
निजी संवाददाता- डेराबस्सी
डेराबस्सी नगर परिषद के सभी सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल का ऐलान कर दिया। कर्मचारियों के इस फैसले से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। यूनियन अध्यक्ष हरविंदर सिंह की अध्यक्षता में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष अपनी समस्याएं रखने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में महंगाई को देखते हुए वेतन में तत्काल बढ़ोतरी करना, लंबे समय से अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारियों को बिना किसी देरी के नियमित पक्का करना तथा हाल ही में बरनाला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई करना शामिल है। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को स्वीकार कर लिखित आदेश जारी नहीं करतीए तब तक हड़ताल और धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई सहित सभी सफाई सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। यदि शहर में गंदगी फैलती है या लोगों को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। सफाई कर्मचारियों के इस आंदोलन से आने वाले दिनों में डेराबस्सी के विभिन्न इलाकों में कूड़े के ढेर लगने और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द कर्मचारियों के साथ बातचीत कर समस्या का समाधान निकाले, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

