एचपीयू में एसएफआई का प्रदर्शन
नीट अनियमितताओं, शिक्षा नीतियों और सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने शनिवार को केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्र मुद्दों की अनदेखी के विरोध में विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर नारेबाजी की। एसएफआई ने आरोप लगाया कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। संगठन का कहना है कि सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
संगठन ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का समर्थन करते हुए प्रशासन की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। एचपीयू इकाई सचिव मुकेश कुमार ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। इकाई उपाध्यक्ष आशीष चौहान ने कहा कि यदि छात्र हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

