श्याम सिंह तोमर अध्यक्ष और जवाहर सिंह संरक्षक

By: Jul 20th, 2026 12:02 am

किशाऊ बांध के विरोध में मेलोथ में संघर्ष समिति गठित, अधिकारों की लड़ाई का ऐलान

निजी संवाददाता-शिलाई
शिलाई क्षेत्र के ग्राम मेलोथ में बहुउद्देशीय राष्ट्रीय किशाऊ बांध परियोजना से प्रभावित लोगों के अधिकारों की रक्षा को लेकर संघर्ष तेज हो गया है। रविवार को महासू देवता मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से ग्राम मेलोथ किशाऊ बांध संघर्ष समिति का गठन किया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम पंचायत मेलोथ के पूर्व प्रधान ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक में श्याम सिंह तोमर को समिति का अध्यक्ष, जवाहर सिंह तोमर को संरक्षक, परमेंद्र सिंह तोमर को उपाध्यक्ष, दलीप सिंह तोमर को महासचिव, हरी सिंह तोमर व आत्माराम भारद्वाज को सचिव, राहुल तोमर को कोषाध्यक्ष, केशर सिंह तोमर को कानूनी सलाहकार तथा नरेंद्र सिंह तोमर और चतर सिंह तोमर को मीडिया एवं प्रचार सचिव चुना गया। इसके अलावा कई अन्य ग्रामीणों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्याम सिंह तोमर ने कहा कि समिति का उद्देश्य किशाऊ बांध परियोजना से प्रभावित और संभावित विस्थापित परिवारों के अधिकारों, हितों और वैधानिक दावों की रक्षा करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समिति का पहला रुख परियोजना का विरोध करना है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसी भी परिस्थिति में परियोजना को आगे बढ़ाती है, तो एक बड़े बांध के बजाय 220 मेगावाट क्षमता के तीन छोटे बांध बनाए जाएं, ताकि विस्थापन और पर्यावरणीय नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से प्रभावित लोगों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करेगी तथा क्षेत्रवासियों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए ग्रामीण एकजुट, बड़े बांध के बजाय तीन छोटे बांध बनाने की उठाई मांग


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App