कुड़साय में स्लेटपोश मकान जलकर राख

By: Jul 5th, 2026 12:50 am

बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण
निजी संवाददाता-डंगार चौक
घुमारवी उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरोटा के गांव कुड़साए में दो स्लेटपोश मकान जल कर राख हो गए। आग की इस घटना में करीब चार लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। बिजली का शॉर्ट सर्किट आग की इस घटना का कारण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार गांव कुड़साए में गत रात्रि करीब अढ़ाई बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से दो घरों में आग लग गई, जिसमें एक रिहायशी मकान व दूसरा गैर रिहायशी स्लेटपोश मकान में आग लग गई। इस घटना में दीनानाथ के मकान में दो कमरे व अमरनाथ के मकान में चार कमरों का स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गए। इस आगजनी में दीनानाथ को करीब डेढ़ से दो लाख लाख रुपए का नुकसान व अमरनाथ का करीब दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

बताया जा रहा है कि आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते स्लेटपोश मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों की मानें तो शॉर्ट सर्किट के समय दोनों मकान मालिक अपने नए घरों में सोए हुए थे। आग लगने के समय पड़ोसियों ने उन्हें उठाया और आग लगने के बारे में सूचना दी। हालांकि ग्रामीणों ने आग को नियंत्रित करने के प्रयास किए, सभी प्रयास असफल रहे। दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुंचे और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया गया। इस मौके पर हलका पटवारी सुसनाल अभिषेक रतन ने मौके पर रिपोर्ट बनाई। बरोटा पंचायत प्रधान सुरजीत ठाकुर, नवीन ठाकुर मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App