सीटीओ चौक पर नारों के बाद धक्के; गालियां और फिर पंगा

By: Jul 23rd, 2026 12:03 am

शिमला में भाजपा और एसएफआई में हाई वोल्टेज ड्रामा, नारेबाजी से शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंचा, पुलिस ने बैरिकेड लगाकर संभाला मोर्चा

रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला का सीटीओ चौक बुधवार को उस समय तनाव का केंद्र बन गया, जब भाजपा और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों संगठनों के बीच पहले तीखी नारेबाजी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा और दोनों पक्षों के बीच बैरिकेड लगाकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। करीब आधे घंटे तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। भाजपा ने बुधवार दोपहर सीटीओ चौक पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा था। एसएफआई कार्यकर्ता अपनी चल रही भूख हड़ताल के अगले चरण के तहत नए कार्यकर्ताओं को धरने पर बैठाने और प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही एसएफआई कार्यकर्ता भी झंडों के साथ सडक़ पर उतर आए और दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई।

देखते ही देखते माहौल गरमा गया और आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। स्थिति बिगडऩे पर पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और एसएफआई कार्यकर्ताओं को उनके धरना स्थल की ओर हटाते हुए बीच में बैरिकेड लगा दिए। इस दौरान बैरिकेड हटाने की भी कोशिश हुई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया। दोनों संगठन बैरिकेड के दोनों ओर खड़े होकर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस घटना के बाद राजधानी का राजनीतिक माहौल गरमा गया है और इसे छात्र राजनीति तथा मुख्यधारा की राजनीति के बीच बढ़ते टकराव का संकेत माना जा रहा है।

हमारी भूख हड़ताल चल रही है और बुधवार को नये लोग भूख हड़ताल पर बैठने वाले थे। इससे पहले हम प्रदर्शन करने वाले थे। लेकिन भाजपा के लोग बीच में आ गए। ऐसे में इन्होंने हमारे साथ हाथापाई की और गालीग्लोच भी किया। ऐसे में हम पुलिस को इनकी शिकायत देंगे। भाजपा पार्टी की दादागिरी से हम डरने वाले नहीं है।
मुकेश कुमार, सचिव एसएफआई

हमारा प्रदर्शन प्रस्तावित था। इसके लिए हमने अनुमति भी ली थी। लेकिन एसफआई के कार्यकर्ताओं की जो हड़ताल थी वह रेन शेल्टर के पास थी लेकिन वह हमारे प्रदर्शन के बीच घूस गए। वहीं यह कार्यकर्ता धक्का मुक्की करने लगे। इससे यहां विवाद हो गया। हमने पुलिस प्रशासन को इनकी शिकायत दे दी है। हमारा यही कहना है कि जब इनकी हड़ताल रेन शेल्टर में थी तो यह लोग सीटीओ चौक क्यों आए और प्रर्दशन करने क्यूं लगे। इस पर ही हमारी मांग है कि इन पर एफआईआर दर्ज की जाए। यह लोग जानबूझ कर हमारे प्रदर्शन को विवाद में बदलने की कोशिश कर रहे हैं।
संजय सूद, पूर्व प्रत्याशी भाजपा


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App