सोलन शहर में उफ्फ… यह जाम! आमजन परेशान

By: Jul 28th, 2026 12:03 am

माल रोड, पुराना बस अड्डा, बाईपास और कई स्थानों पर लगा जाम, सडक़ किनारे अव्यवस्थित पार्किंग बनी समस्या का कारण

निजी संवाददाता-सोलन
पर्यटन सीजन, बाजारों में बढ़ती भीड़ और संकरी सडक़ों पर लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव के कारण सोलन शहर में ट्रैफिक जाम अब लोगों के लिए रोजमर्रा की बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। सोमवार को शहर के माल रोड, पुराना बस अड्डा, बाईपास, अस्पताल मार्ग और पुराने उपायुक्त कार्यालय के आसपास कई स्थानों पर जाम लगने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम के चलते स्कूली विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।

स्थानीय व्यापारियों और लोगों का कहना है कि शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सडक़ें पहले जैसी ही हैं। सडक़ किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और कई स्थानों पर वाहनों के रुकने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों ने मांग की है कि शहर में ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जाए। प्रमुख बाजारों में पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है उन्होंने मांग कि है की पुलिस को मिलकर स्थायी समाधान की दिशा में काम करना चाहिए ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

ट्रैफिक पुलिस हर स्थिति पर रख रही नजर

डीएसपी ट्रैफिक अशोक चौहान ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौकों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, सडक़ पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस का सहयोग करें, ताकि सभी नागरिकों को सुगम यातायात सुविधा मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App