हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा जिला सोलन

By: Jul 28th, 2026 12:02 am

श्रावण के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक के लिए मंदिरों के बाहर लगी लंबी कतारें

निजी संवाददाता-सोलन
श्रावण मास के दूसरे सोमवार को जिला सोलन पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से जल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। जिला मुख्यालय स्थित विश्व प्रसिद्ध जटोली शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

इसके अलावा कुनिहार की प्राचीन शिव तांडव गुफा, नालागढ़, अर्की, कंडाघाट, परवाणू, कसौली तथा जिले के अन्य प्राचीन शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर परिसर हर-हर महादेव, बम-बम भोले और ऊं नम: शिवाय के जयघोष से गूंजते रहे। कई श्रद्धालु दूर-दराज के क्षेत्रों से पैदल यात्रा कर मंदिरों तक पहुंचे और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रावण सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की अच्छी-खासी संख्या मंदिरों में पहुंची। अनेक श्रद्धालुओं ने सोमवार का व्रत रखकर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और विशेष शिव पूजन संपन्न कराया गया। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार सहित धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ और शिवभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।

सच्चे मन से जलाभिषेक करने से मनोकामना होती है पूरी

पंडित सुभाष शर्मा ने बताया कि श्रावण मास का प्रत्येक सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन श्रद्धा और सच्चे मन से जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं बेलपत्र अर्पित करने से भगवान शिव प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूजा-अर्चना के साथ स्वच्छता बनाए रखने और मंदिर की धार्मिक मर्यादा का पालन करने की भी अपील की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App