बदलते मौसम में बढ़ीं पेट से संबंधी बीमारियां
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मरीजों की बढ़ी भीड़; ओपीडी में पेट दर्द, उल्टी, दस्त जैसी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे लोग
निजी संवाददाता-सोलन
बरसात के मौसम और बदलते तापमान के बीच जिला सोलन में पेट संबंधी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पेट दर्द, उल्टी, दस्त, अपच, गैस, एसिडिटी और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में नमी बढऩे और दूषित खानपान के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, जिससे विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो रही है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
अस्पताल की ओपीडी में पेट संबंधी शिकायतों के अलावा बुखार और वायरल संक्रमण के मरीज भी लगातार पहुंच रहे हैं। कि कई मरीज सडक़ किनारे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और दूषित पानी के सेवन के कारण बीमार हो रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डा. अजय कुमार पाठक ने बताया कि बरसात के मौसम में पेट संबंधी संक्रमण के मामले बढऩा सामान्य बात है, लेकिन थोड़ी सावधानी बरतकर इन बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से केवल उबला या स्वच्छ पानी पीने, ताजा एवं घर का बना भोजन खाने और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी। खाने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोना चाहिए। फलों और सब्जियों को अच्छी तरह साफ करने के बाद ही उनका सेवन करें। यदि किसी व्यक्ति को लगातार उल्टी, दस्त, तेज बुखार, पेट में असहनीय दर्द या शरीर में पानी की कमी महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें।
समस्या को न करें नजरअंदाज
बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कम होती है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, दूषित पानी और बासी भोजन से बचें तथा किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या को नजरअंदाज न करें। समय पर उपचार और सतर्कता अपनाकर मौसमी बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

