अब छठी से 12वीं तक के विद्यार्थी इंस्पायर-मानक योजना में शामिल, 15 सितंबर तक होंगे नामांकन
15 सितंबर तक ऑनलाइन नामांकन करने का मौका
नगर संवाददाता-धर्मशाला
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) की प्रमुख इंस्पायर-मानक योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (माध्यमिक) कांगड़ा, अजय संबयाल ने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र विद्यार्थियों के नामांकन निर्धारित समय के भीतर सुनिश्चित करने को कहा है। ऑनलाइन नामांकन 15 सितंबर तक किए जा सकेंगे।
इस वर्ष योजना में महत्त्वपूर्ण बदलाव करते हुए कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों को भागीदारी के लिए पात्र बनाया गया है। नामांकन ई-एमआईएएस पोर्टल अथवा इंस्पायर-मानक मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच योजना की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, नवाचारी सोच रखने वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

