चमेरा में छात्रों ने खूब बिखेरा प्रतिभा का रंग
केंद्रीय विद्यालय चमेरा-दो में कला उत्सव की धूम, बच्चों ने प्रतियोगिताओं में बांधा समां
नगर संवाददाता-चंबा
केंद्रीय विद्यालय चमेरा-दो में संकुल स्तरीय ‘राष्ट्रीय एकता पर्व’ के अंतर्गत ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’, कला उत्सव एवं समृद्धि कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। एक दिवसीय इस उत्सव में क्षेत्र के चार केंद्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं शैक्षणिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में मेजबान केंद्रीय विद्यालय चमेरा-दो के अलावा केंद्रीय विद्यालय चमेरा-एक, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह कैंट तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनएचपीसी चमेरा-दो के समूह महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर एनएचपीसी के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष जनेश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। केंद्रीय विद्यालय चमेरा-दो के प्राचार्य हरजीत राज ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता पर्व विद्यार्थियों में आपसी भाईचारा, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का सशक्त मंच है। कार्यक्रम के दौरान ग्रुप-ए (एक भारत, श्रेष्ठ भारत) के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग, आर्ट फैक्ट्स/प्रोजेक्ट प्रदर्शनी तथा क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं ग्रुप-बी (कला उत्सव) के तहत वोकल म्यूजिक (एकल एवं समूह), इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक (स्ट्रिंग, विंड एवं पर्कशन), एकल एवं समूह नृत्य, थिएटर, विजुअल आर्ट (2डी एवं 3डी) तथा पारंपरिक कहानी वाचन (ट्रेडिशनल स्टोरी टेलिंग) जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

