सुक्खू का सवाल, जहां BJP, वहीं क्यों होते पेपरलीक, CM ने कसा तंज, राम मंदिर चंदा चोरी करने वाले कौन लोग थे?
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल बीजेपी पर कसा सियासी तंज, राम मंदिर चंदा चोरी करने वाले कौन लोग थे?
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
मुख्यमंत्री ने पेपर लीक मामले को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां भाजपा की सरकारें होती हैं, वहीं पेपर लीक के मामले क्यों सामने आते हैं। बुधवार को एचपीयू स्थापना दिवस समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा से दो सवाल किए। उन्होंने पूछा कि राम मंदिर चंदा चोरी करने वाले कौन लोग थे और नीट का पेपर लीक करने वाले कौन लोग थे। उनका पर्दाफाश होना चाहिए। इस दौरान बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब बीजेपी की सरकार थी, तब भी पेपरलीक होते थे, बेचे जाते थे। प्रदेश सरकार ने उनका पर्दाफाश किया।
सीएम ने कहा कि न तो केंद्र सरकार आरडीजी देना चाहती है और न ही हिमाचल प्रदेश की इकोलॉजिकल सर्विसेज जैसे बिजली, पानी और स्वच्छ हवा के संरक्षण को लेकर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट के अध्ययन में आंकी गई 90 हजार करोड़ रुपए की राशि। हमारे पावर प्रोजेक्ट्स जो फ्री हो गए हैं, वे हमें वापस लौटा दें, तो हमें किसी आरडीजी की ज़रूरत नहीं है। जो हमारे अधिकारों से आय हो रही है, जो हमारी संपदा से आय हो रही है, उस संपदा की आय का अंश हमें भी मिलना चाहिए, लेकिन केंद्र सरकार हमारे साथ अन्याय कर रही है। नीट पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है।
सीएम ने कांगड़ा के आपदा प्रभावित परिवारों से की बात
शिमला — मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को शिमला से कांगड़ा जिला की बोह घाटी में बादल फटने की घटना के संबंध में कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा तथा प्रभावित परिवारों से दूरभाष पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। उपायुक्त घटना स्थल पर पहुंचकर बचाव, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बादल फटने से हुए नुकसान, स्थानीय लोगों की सुरक्षा, आवश्यक सेवाओं की बहाली तथा जिला प्रशासन द्वारा स्थिति से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला प्रशासन को सभी प्रभावित परिवारों को शीघ्र और हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। सीएम सुक्खू ने कहा कि वे शीघ्र ही प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्वयं नुकसान का आकलन करेंगे। जिन परिवारों के मकान इस आपदा में क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

