मिंजर मेले में सुनील राणा अनुज शर्मा ने मचाया धमाल
मिंजर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में लोकगीतों से लेकर बॉलीवुड गानों से गूंजा चंबा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला की दूसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचली लोकगायक सुनील राणा, इंडियन आइडल फेम गायक अनुज शर्मा और हिमाचली गायक जितेंद्र पंकज शर्मा की शानदार प्रस्तुतियों से यादगार बन गई। तीनों कलाकारों ने अपनी बेहतरीन गायकी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मिंजर मेला समिति की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने उन्हें हिमाचली शॉल और टोपी पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। हिमाचली स्टार गायक सुनील राणा ने अपने लोकप्रिय पहाड़ी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ‘साएं-साएं मत कर राविए’, ‘पखले मणूए खुदले पानी रा डर लगदा’, ‘अक कुभंडी, दुआ कुभंडी रा मेला’, ‘चनणी वो करेलणूआं‘, ‘चंबा वार की नदिया पार’, ‘लाल तेरा साफा’, ‘रांझू’, ‘जंगला ढलयारा’ सहित कई गीत प्रस्तुत किए।
दर्शकों की फरमाइश पर भी उन्होंने कई लोकप्रिय गीत गाकर खूब तालियां बटोरीं। इससे पहले अनुज शर्मा ने ‘तेरी-मेरी कहानी’, ‘या अली’, ‘ऐ दिल है मुश्किल’, ‘जो भेजी थी दुआ’, ‘हर किसी को’, ‘एक हसीना थी’, ‘तुम्हें दिल्लगी’, ‘संदेश आते हैं’ सहित कई सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत गायिका भावना जरियाल ने ‘देवा श्री गणेशा’ की प्रस्तुति से की। इसके बाद उन्होंने ‘मेरे रश्के कमर’, ‘माही वे मोहब्बतां सच्चियां’, ‘मिले हो तुम हमको‘, ‘अधी राती रजमा‘, ‘मत पी शराब’ और ‘धूडू जोगिया‘ जैसे गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। हिमाचली गायक जितेंद्र पंकज शर्मा ने ‘कृष्णा तेरी मुरली‘ और ‘नटखट बंसी’ से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘हर किसी को नहीं मिलता यहां प्यार‘, ‘एक हो गए हम और तुम‘, ‘दिल से‘, ‘ढिकलू री जोड़ी’, ‘गागर‘ और ‘गिलमो‘ जैसे गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया। गायक नवीन ने भी ‘रब न माने‘, ‘दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी‘, ‘मैं जट यमला पगला दीवाना‘ और ‘कजरा मोहब्बत वाला’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
स्थानीय कलाकारों ने भी पेश की मनमोहक प्रस्तुतियां
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत पारंपरिक मुसाधा गायन और कुंजड़ी मल्हार से हुई। इसके अलावा निशांत मयंक, राही, नरेंद्र, अरुण, डिंपल, मधु, पूर्व, कासवी, युविका, अनिता, शैवाली, कर्ण शर्मा, पायल, सूर्या, सुमन कबीरा, सक्षम, चेतना, तिलक राज, रवि, प्रियंका, निशांत, बालक राम और नरेंद्र कुमार सिरमौरी सहित कई स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

