25 कूरियर कार्यालयों और गोदामों की औचक जांच
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र में कूरियर सेवाओं के माध्यम से होने वाली अवैध नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए बद्दी पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 25 कूरियर सेवा कार्यालयों और उनके गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। पुलिस टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था, पार्सलों के सत्यापन, रिकॉर्ड संधारण और संचालन प्रणाली की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कूरियर संचालकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध पार्सल, व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। साथ ही पार्सलों की बुकिंग और डिलीवरी के समय पहचान सत्यापन की प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने तथा सभी आवश्यक अभिलेख सुरक्षित रखने को कहा गया।
पुलिस ने कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के पालन और सतर्कता बरतने के लिए भी जागरूक किया। एसपी बद्दी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण और विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस और कूरियर कंपनियों के बेहतर समन्वय से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

