सुषमा मेयर, गौरव डिप्टी भाजपा का जलवा कायम
सोलन में मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी को मिले 11 वोट, कांग्रेस की मीनाक्षी को सात मत
निजी संवाददात-सोलन
करीब तीन दिनों तक चले राजनीतिक गतिरोध के बाद गुरुवार को सोलन नगर निगम को नया नेतृत्व मिल गया। मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दोनों पदों पर जीत दर्ज करते हुए नगर निगम की सत्ता पर अपना कब्जा कायम रखा। भाजपा की सुषमा शर्मा मेयर, जबकि भाजपा समर्थित निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए। चुनाव से पहले भाजपा के सभी 10 पार्षद और भाजपा समर्थित निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत शूलिनी माता मंदिर पहुंचे और जीत की कामना की। इसके बाद सभी पार्षद मतदान के लिए नगर निगम पहुंचे। दूसरी ओर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल कांग्रेस पार्षदों के साथ मतदान में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी पूरे समय चुनाव प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे।
मेयर पद के चुनाव में कुल 18 मत पड़े, जिनमें भाजपा प्रत्याशी सुषमा शर्मा को 11 और कांग्रेस की मीनाक्षी शर्मा को 7 मत मिले। वहीं डिप्टी मेयर पद पर भाजपा समर्थित गौरव राजपूत ने 11 मत प्राप्त कर कांग्रेस के नरेंद्र कुमार को 7 मतों से पराजित किया। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया और विजयी उम्मीदवारों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। बाद में सुषमा शर्मा और गौरव राजपूत ने शूलिनी माता मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसे विकास की राजनीति और जनता के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि नया नेतृत्व शहर के विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देगा।
सोलन नगर निगम को मिला नया नेतृत्व
सोलन नगर निगम में गुरुवार को महापौर और उपमहापौर का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव से पहले भाजपा के 10 पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद नगर निगम सभागार पहुंचे, जबकि कांग्रेस के छह पार्षद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. धनी राम शांडिल के साथ पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल भी सभागार में मौजूद रहे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना की गई, जिसमें भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुषमा ने महापौर पद पर जीत दर्ज की। वहीं निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत उपमहापौर निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम के साथ ही सोलन नगर निगम को नया नेतृत्व मिल गया।
नई मेयर बोलीं, यह सोलन शहर की जनता की जीत
सोलन। नगर निगम सोलन के मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित मेयर सुषमा शर्मा और डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने सभी पार्षदों और शहरवासियों का आभार जताया। दोनों ने कहा कि नगर निगम का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा और बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में विकास कार्य किए जाएंगे। मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और विकास की सोच की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम में पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए स्वच्छता, पेयजल, सडक़, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विपक्ष सहित सभी पार्षदों को साथ लेकर शहर के हित में कार्य करने की बात कही। डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने मेयर और सभी पार्षदों के साथ मिलकर टीम भावना से कार्य करने तथा प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का भरोसा दिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से भी शहर के विकास में सहयोग की अपील की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न
मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में भाजपा की जीत के बाद नगर निगम सभागार में उत्सव का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया, मिठाइयां बांटी और नवनिर्वाचित मेयर सुषमा शर्मा तथा डिप्टी मेयर गौरव राजपूत का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

