बिना पारदर्शी सर्वे के नहीं मान्य टैक्स

By: Jul 10th, 2026 12:48 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक एवं जनकल्याणकारी संगठनों ने नगर परिषद चंबा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी को ज्ञापन सौंपकर हाउस टैक्स में हुई अप्रत्याशित और अत्यधिक वृद्धि पर गहरा असंतोष जताया तथा इस पर पुनर्विचार की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व श्री सनातन धर्म सभा चंबा के प्रधान सुरेश कश्मीरी ने किया। उन्होंने कहा कि कर निर्धारण में की गई भारी बढ़ोतरी आम जनता की आर्थिक क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है, जिससे पूरे नगर में चिंता का माहौल है। संगठनों ने मांग की कि वर्तमान कर निर्धारण पर तत्काल प्रभाव से पुनर्विचार किया जाए तथा प्रत्येक वार्ड के पार्षदों और भवन स्वामियों की सहभागिता के साथ वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप दोबारा सर्वे कराया जाए। इसके साथ ही नगर परिषद से सार्वजनिक बैठक अथवा प्रेस वार्ता आयोजित कर कर निर्धारण के मापदंडों और दरों की स्पष्ट जानकारी साझा करने का आग्रह भी किया गया, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

ज्ञापन में कहा गया कि चंबा की भौगोलिक परिस्थितियों तथा आकांक्षी जिले की विशेष स्थिति को ध्यान में रखते हुए कर की दरों को तर्कसंगत बनाया जाए। संगठनों का कहना है कि नगर में सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन, जल निकासी और सडक़ों की मरम्मत जैसी बुनियादी सुविधाओं में अभी भी व्यापक सुधार की आवश्यकता है। इस अवसर पर संगठनों ने नगर परिषद चंबा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी तथा सभी पार्षदों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा जताई कि नए नेतृत्व में ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध हेरिटेज नगर चंबा की गरिमा, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई दिशा मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App