चालान और कार्रवाई के विरोध में सडक़ों पर उतरे टैक्सी चालक
चंबा में टैक्सी आपरेटरों का प्रदर्शन, बोले- बेवजह किया जा रहा परेशान
नगर संवाददाता-चंबा
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह की अगुवाई में टैक्सी चालकों ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान चालकों ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की और बाद में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में टैक्सी चालकों ने आरोप लगाया कि चंबा में पुलिस द्वारा उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। चालकों का कहना है कि पुलिस कर्मचारी आम नागरिकों और टैक्सी ऑपरेटरों को धमकाते हैं तथा बिना वजह चालान काटकर उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा है। टैक्सी चालकों ने कहा कि कई बेरोजगार युवाओं ने बैंक से ऋण लेकर टैक्सियां खरीदी हैं और वे नियमानुसार सरकार को टैक्स का भुगतान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे भरमौर चौक से सवारियों को चंबा शहर तक पहुंचाते हैं और प्रति सवारी 10 रुपये किराया लेते हैं, जो एचआरटीसी की टैक्सियों के किराये के समान है।
उन्होंने दावा किया कि उनकी गाडिय़ों से यातायात व्यवस्था में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होती, फिर भी उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। चालकों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। हालांकि, इस आरोप पर प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस अवसर पर भाजपा नेता जय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि टैक्सी चालकों के कथित उत्पीडऩ और पुलिस कार्रवाई को तुरंत बंद नहीं किया गया तो वे अपनी सभी गाडिय़ां उपायुक्त कार्यालय के बाहर खड़ी कर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

