टीचर अवार्ड पर अब मिलेंगे दो लाख रुपए, नई शिक्षक पुरस्कार योजना लागू, 31 शिक्षकों को मिलेगा सम्मान
कार्यालय संवाददाता-शिमला
राज्य सरकार ने शिक्षकों को मिलने वाले नेशनल और स्टेट अवार्ड की धनराशि बढ़ा दी है। कैबिनेट में हुए फैसले के बाद यह नोटिफिकेशन जारी हो गई है। अब नेशनल आबादी टीचर को दो लाख रुपए और स्टेट आबादी को एक लाख रुपए मिलेंगे। साथ ही यह बदलाव भी हुआ है कि अब आबादी टीचर को एक्सटेंशन नहीं मिलेगी। इन्हें पहले यह अवार्ड मिल चुका है, उन्हें अवार्ड या एक्सटेंशन के लिए ऑप्शन दिया जाएगा। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय और राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के लिए नई नीति जारी कर दी है। छह फरवरी, 2025 की अधिसूचना के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों को दो वर्ष तथा राज्य पुरस्कार विजेता शिक्षकों को एक वर्ष का सेवा विस्तार देने का प्रावधान था, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। हालांकि जिन शिक्षकों को पहले ही पुराने नियमों के तहत सेवा विस्तार मिल चुका है, वे स्वीकृत अवधि तक सेवा में बने रहेंगे। वहीं, वर्ष 2025 तक राष्ट्रीय या राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त कर चुके शिक्षक पुराने नियमों के अनुसार सेवा विस्तार के पात्र रहेंगे।
यदि वे सेवा विस्तार नहीं लेते हैं, तो उन्हें नई नीति के तहत संशोधित नकद पुरस्कार का लाभ मिलेगा। शिक्षा सचिव राकेश कंवर द्वारा जारी इस अधिसूचना के साथ ही पुरस्कार विजेता शिक्षकों के लिए सेवा विस्तार की व्यवस्था समाप्त कर नकद प्रोत्साहन देने की नई व्यवस्था लागू हो गई है। नई योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (डीआईईटी) में कार्यरत शिक्षक, मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए पात्र होंगे। योजना में इस बार शिक्षकों के चयन का आधार केवल वरिष्ठता नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, डिजिटल शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) का प्रभावी क्रियान्वयन, स्कूल कॉम्प्लेक्स एवं क्लस्टर प्रणाली, संसाधनों के बेहतर उपयोग, पुस्तकालय, रीडिंग रूम और अन्य गुणवत्ता सुधार गतिविधियों में योगदान को भी प्रमुखता दी जाएगी।
नई योजना में बदलाव
नई योजना के तहत प्रदेश में कुल 31 शिक्षक सम्मानित किए जाएंगे। इनमें 25 नियमित राज्य शिक्षक पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनमें 16 पुरस्कार सामान्य क्षेत्र और नौ पुरस्कार जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं। छह विशेष पुरस्कार उन शिक्षकों को दिए जाएंगे जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण नवाचार, राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं के सफल क्रियान्वयन या अन्य उल्लेखनीय कार्य किए हों। विशेष पुरस्कारों का चयन राज्य स्तरीय समिति की सिफारिश पर होगा।
राज्य शिक्षक पुरस्कार को आठ अगस्त तक आवेदन
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत उत्कृष्ट शिक्षकों, मुख्याध्यापकों और प्रधानाचार्यों के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन और नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए पात्र शिक्षकों से आठ अगस्त तक आवेदन मांगे हैं। चयनित शिक्षकों को पांच सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। आवेदन निर्धारित प्रारूप में स्वयं या संबंधित नियंत्रक अधिकारी के माध्यम से किए जा सकते हैं। सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन teachersawarddsehp@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भेजने होंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त या अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

