भोले के जयकारों से गूंजी शिवनगरी
सावन माह के दूसरे सोमवार को खूब उमड़े श्रद्धालु, शिवमय हुआ बैजनाथ
कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
सावन माह के दूसरे सोमवार को ऐतिहासिक शिवनगरी बैजनाथ ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठी। सुबह तडक़े से ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं का शिव मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचना शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। मंदिर ट्रस्ट द्वारा गर्भ गृह के बाहर से जलाभिषेक करने की एकी गई व्यवस्था के चलते शिव भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पुण्य फल अर्जित किया। मंदिर परिसर में सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, पूरा वातावरण शिवभक्ति में सराबोर दिखाई दिया। सारा दिन महिलाएं भजन कीर्तन कर भोलेनाथ का गुणगान कर रहीं हैं।
सावन माह के दौरान आयोजित होने वाले सोमवार मेलों को लेकर मंदिर प्रशासन और ट्रस्ट की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर से जुड़े पुजारी, ट्रस्टी और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी निर्धारित की गई है। मंदिर के गर्भ गृह को रंगबिरंगे फूलों रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट प्रात: 3 बजे ही खोल दिए गए, ताकि भक्त बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें। मंदिर के गर्भ गृह के बाहर स्थापित की गई जलहरी से भोलेनाथ को जलाभिषेक कर पुण्य फल अर्जित कर रहे हैं। मंदिर परिसर में पेयजल, स्वच्छता और शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। खीरगंगा घाट पर बने महिला एवं पुरुष स्नानागारों को भी दुरुस्त किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर लंगर और शुद्ध पेयजल की भी उचित व्यवस्था की गई है। दूसरे सोमवार पर उमड़ी श्रद्धा और भक्ति ने एक बार फिर बैजनाथ की धार्मिक महत्ता को जीवंत कर दिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

