हमीरपुर बस स्टैंड में निगम प्रबंधन ने दो दुकानों पर जड़े ताले

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

दुकानदार तीन नोटिस मिलने के बाद भी नहीं कर रहे थे दुकानें खाली, शेष दुकानदारों को भी शाम तक अपना सामान समेटने के दिए निर्देश

कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
बस स्टैंड हमीरपुर की दुकानों को निगम प्रबंधन ने अब खुद ही ताले लगाने शुरू कर दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द बस स्टैंड की दुकानोंं को खाली करवाया जा सके और यहां पर सिटी सेंटर का काम शुरू हो सके। बस स्टैंड के दुकानदारों को दुकानें खाली करने के तीन नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन फिर भी दुकानदार अपनी दुकानें खाली करने आगे नहीं आ रहे थे। ऐसे में निगम प्रंबधन दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को मजबूर हो गया है। बुधवार दोपहर बाद निगम प्रबंधन की टीम ने बस स्टैंड के अंदर चल रही कैंटीन और कामधेनू मिठाई की दुकान पर अपने ताले जड़ दिए हैं। हालांकि दुकानदारों ने ज्यादातर सामान दुकान से पहले ही निकाल लिया है।

ऐसे में कुछेक सामान ही अब इन दुकानों के अंदर शेष रह गया है। इसके अलावा रेलवे टिकट काउंटर और जूस कॉर्नर को भी शाम तक खाली करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि निगम प्रबंधन ने संबंधित दुकानदारों को तीन नोटिस के उपरांत मौखिक तौर पर भी दुकानें जल्द से जल्द खाली करने के निगम के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक और क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने विशेष दिशा-निर्देश दिए थे। उसके उपरांत भी दुकानदार अपनी दुकानें खाली करने आगे नहीं आ रहे थे। ऐसे में निगम प्रबंधन कड़े कदम उठाने को मजबूर हुआ है। बताया जा रहा है कि हमीरपुर बस स्टैंड के अंदर और बाहर डेढ़ दर्जन के करीब दुकानदारों को दुकानें खाली करने के नोटिस लगातार जारी किए जा रहे थे, ताकि बस स्टैंड को जल्द से जल्द खाली किया जा सके और यहां पर सिटी सेंटर का कार्य शुरू किया जा सके। ऐसे में निगम प्रबंधन ने संबंधित दुकानदारों को एक बार पुन: अपील की है कि वह अपना सामान जल्द से जल्द दुकानों से निकालना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े। वहीं बस अड्डा हमीरपुर इंचार्ज जगदेव सिंह का कहना है कि बस स्टैंड हमीरपुर के दुकानदारों को अपनी दुकानें खाली करने के लिए तीन नोटिस दिए जा चुके हैं। ऐसे में बुधवार दोपहर को दुकानें खाली करने के लिए निगम प्रबंधन की टीम ने दो दुकानों पर ताले जड़ दिए हैं। जबकि शेष दुकानदारों को भी जल्द से जल्द अपनी दुकानें खाली करने को कहा है।

रेलवे काउंटर के लिए उपलब्ध करवाई जाए जगह

उत्तर रेलवे द्वारा हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से रेलवे आरक्षण केंद्र 8 मई 2001 को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश चंदेल की उपस्थिति में स्थापित किया गया था और पिछले 25 वर्षों से बस स्टैंड हमीरपुर में अपनी सेवाएं दे रहा है। अब इस रेलवे टिकट काउंटर को भी बंद करने के निगम प्रबंधन द्वारा फरमान जारी किए गए हैं। ऐसे में रेलवे टिकट काउंटर प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि काउंटर पर रोजाना 35 से 40 यात्रियों के तत्काल या फिर दूसरी टिकटें बनाई जाती हैं। हमीरपुर के अलावा बिलासपुर, सरकाघाट इत्यादि क्षेत्रों के लोग तत्काल टिकट के लिए यहां पहुंचते हैं। अगर रेलवे टिकट काउंटर बंद होता है, तो लोगों को ऊना या फिर अन्य जगह पर तत्काल टिकट के लिए भाग दौड़ करनी पड़ेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App