भलेई कालेज बंद करने का फैसला जल्द वापस ले सरकार
एबीवीपी ने छात्रों के मुद्दों को लेकर एडीसी अमित मैहरा के जरिए सीएम को भेजा ज्ञापन
नगर संवाददाता-चंबा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की चंबा इकाई ने सोमवार को जिला के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में चल रही समस्याओं और छात्र हितों से जुडे गंभीर मुद्दों के हल की मांग को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई परिषद के जिला संयोजक अर्पित जर्याल ने की। उन्होंन प्रदेश सरकार से मांग की है कि भलेई महाविद्यालय को बंद करने के फैसले को तुरंत वापस लिया जाए। इसके साथ ही तेलका महाविद्यालय में बंद की गई बीकाम की कक्षाओं और भरमौर महाविद्यालय में बंद की गई बीएससी की कक्षाओं को अविलंब बहाल किया जाए ताकि छात्रों की पढाई प्रभावित न हो।
इसके अतिरिक्त जिला चम्बा के सभी महाविद्यालयों में रिक्त पडे शिक्षकों के पदों को भी नियमित रूप से भरने की पुरजोर मांग उठाई गई है। जिला संयोजक अर्पित जर्याल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द ही कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एक उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि भलेई महाविद्यालय में स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों ने पलायन किया है। यदि पूर्ण स्टाफ की तैनाती की जाती तो विद्यार्थियों की संख्या में लगातार बढोतरी हो सकती थी। सरकार की गलत कार्यप्रणाली का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पघ् रहा है। इस मौके पर भारी संख्या में परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

