कीटनाशक खेती के खतरों को बताएगी दि इंडिया स्टोरी

By: Jul 22nd, 2026 1:49 pm

मुंबई। काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े अभिनीत फिल्म दि इंडिया स्टोरी का नया पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल वाली खेती और उससे जुड़े जनस्वास्थ्य संबंधी खतरों को प्रमुखता से उठाया गया है। फिल्म के निर्माताओं द्वारा जारी नए पोस्टर में कृषि क्षेत्र में बढ़ते कीटनाशक उपयोग के प्रभावों को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है। पोस्टर यह संदेश देता है कि हमारी थाली तक पहुंचने वाला भोजन कई बार ऐसे छिपे हुए खतरों को साथ लेकर आता है, जो मानव स्वास्थ्य पर दीर्घकालिक असर डाल सकते हैं।

फिल्म के संदेश पर बात करते हुए काजल अग्रवाल ने कहा कि दि इंडिया स्टोरी एक महत्वपूर्ण विषय पर आधारित फिल्म है, जो लोगों को अपने भोजन और उससे जुड़े विकल्पों के प्रति जागरूक बनने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उन्हें इसलिए आकर्षित कर सकी क्योंकि यह रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े एक ऐसे मुद्दे को सामने लाती है, जिस पर अक्सर पर्याप्त चर्चा नहीं होती। श्रेयस तलपड़े ने कहा कि यह कहानी केवल खेती की पद्धतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के स्वास्थ्य और भविष्य से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म इस विषय पर सार्थक चर्चा को बढ़ावा देगी और लोगों में जागरूकता पैदा करेगी। ज़ी स्टूडियोज़ और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के सहयोग से प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App