इंडियन नेवी ने समुद्री लुटेरों से बचाया भारत आ रहा जहाज, मार्कोस कमांडों को देखते ही भाग निकले लुटेरे

By: Jul 3rd, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस त्रिकंड ने बुधवार रात अदन की खाड़ी में एक व्यापारी जहाज पर समुद्री लुटेरों के हमले की कोशिश नाकाम कर दी। जहाज एमवी गोल्डलन आर्सेनल पर एक भारतीय चालक दल का सदस्य भी मौजूद था और यह भारत के लिए महत्तवपूर्ण कार्गो लेकर आ रहा था। अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही समुद्री डाकुओं ने जहाज पर कब्जा करने की कोशिश की, क्रू मेंबर्स ने खुद को एक सुरक्षित कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत रेडियो कम्युनिकेशन चैनल के जरिए भारतीय नौसेना को इस हमले की जानकारी दी और मदद मांगी। सूचना मिलते ही मिशन पर तैनात आईएनएस त्रिकंड मौके पर पहुंचा। युद्धपोत को आते देख समुद्री लुटेरे मौके से फरार हो गए।

इसके बाद भारतीय नौसेना के मार्कोस कमांडो ने जहाज पर चढक़र तलाशी ली और पूरे पोत को सुरक्षित किया। घटना में किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई है। बता दें कि आईएनएस त्रिकंड ने इससे पहले 19 जून को भी पश्चिमी हिंद महासागर में व्यापारी जहाज एमवी फ्रीडा-5 से मिले संकट संदेश पर तत्काल कार्रवाई की थी। भारतीय नौसेना के मुताबिक, समय पर हस्तक्षेप कर संभावित समुद्री डकैती के खतरे को टाल दिया गया और जहाज की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इससे पहले 27 मई को भी भारतीय नौसेना के आईएनएस कोलकाता ने पश्चिमी हिंद महासागर में व्यापारी जहाज एमवी माशाल्लाह-1 के पास संदिग्ध समुद्री डकैती की कोशिश को विफल किया था। हेलिकॉप्टर और बोर्डिंग टीम की मदद से जांच कर खतरे को टाल दिया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App