नशामुक्त-अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश
‘चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान’ के तहत डीसी मनमोहन शर्मा ने छात्रों को किया पे्ररित
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान’ के तहत सोमवार को सोलन कालेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने की। उन्होंने कालेज के विद्यार्थियों को चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया तथा उन्हें नशामुक्त, अनुशासित एवं लक्ष्यपूर्ण जीवन अपनाने का संदेश दिया। उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थी जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य शिक्षा प्राप्त करना है। यदि युवा अपने समय का सदुपयोग करते हुए पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करें, तो वह जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उपायुक्त ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वह किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी नशे के कारोबार से संबंधित कोई जानकारी मिले तो वह स्वयं अथवा अपने अभिभावकों के माध्यम से इसकी सूचना पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ भी दिलावाई। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय सोलन की प्राचार्या डा. मनीषा कोहली, शिक्षक अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी व छात्र उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

