नशा तस्करी पर होगी जीरो टॉलरेंस

By: Jul 19th, 2026 12:01 am

एसएसपी गौरव सिंह की अध्यक्षता में हुई शिमला पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने पुलिस अधिकारियों को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अपराध की स्थिति, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि एनडीपीएस मामलों में केवल बरामदगी तक सीमित न रहकर ड्रग सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच की जाए। उन्होंने बैकवर्ड लिंकज खंगालने, वित्तीय जांच करने, नशे से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने तथा जरूरत पडऩे पर पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशील और पीड़ित-केंद्रित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही चोरी और सेंधमारी के मामलों का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों से अनुशासित, पेशेवर और जनहितैषी कार्यशैली अपनाने का आह्वान किया। बैठक में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए साइबर पेट्रोलिंग, सोशल मीडिया निगरानी, रात्रि गश्त और नाकाबंदी को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आधुनिक तकनीक और पारंपरिक पुलिसिंग के बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App