इस बार परंपरा नहीं, इतिहास बदलेगा, युवा कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के शुभारंभ पर CM की हुंकार
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा पता नहीं किस सोच में जी रही है। इन्हें जाने क्यों लगता है कि प्रदेश में परंपरा बदलेगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि इस मर्तबा प्रदेश में परंपरा नहीं, बल्कि इतिहास बदलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को शायद यह पता नहीं या फिर भूल गए है कि मैं जब भी किसी पद पर रहा हंू, तो लंबे समय तक रहा हंू। एनएसयूआई का जब अध्यक्ष बना, सबसे लंबा कार्यकाल रहा। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर भी सबसे लंबे समय तक रहा हंू। मुख्यमंत्री सोमवार को युवा कांग्रेस के छात्रों की गूंज अभियान के शुभारंभ के मौके पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार के कार्यकाल में हुए नीट पेपर लीक ने लाखों विद्यार्थियों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में यूथ कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत संगठन प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन कर विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई अग्निवीर योजना ने हिमाचल प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए पुलिस सहित विभिन्न विभागों में पारदर्शी तरीके से नियमित भर्ती कर रही है। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष छत्तर सिंह ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में सभी सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर दी जा रही हैं। इस अवसर पर नीट पेपर के लीक होने के कारण उत्पन्न स्थितियों से 21 मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
शिक्षा-स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार
सीएम ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती और अधीनस्थ चयन आयोग की परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए। वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य चयन आयोग का गठन किया है। सीएम सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुदृढ़ बना रही है। सरकार प्रदेश में एम्स नई दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक मशीनें और उपकरण उपलब्ध करवा रही है। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जहां राहुल गांधी देशभर में छात्रों की आवाज बुलंद कर रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू छात्र राजनीति से आगे बढक़र आज प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी ज्योतिष एचएम ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन आयोजित कर विद्यार्थियों और आम जनता को नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
शिक्षा क्षेत्र में नंबर-वन स्टेट बनेगा हिमाचल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर पहुंच गया था, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब पांचवें स्थान पर आ गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश का नंबर एक राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक सुविधाओं से युक्त सीबीएसई स्कूल स्थापित कर रही है तथा उनमें शिक्षकों की नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को यहां की शिक्षा व्यवस्था पर गर्व होगा।
छात्र राजनीति से शुरू हुई सियासी पारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ और कांग्रेस पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने देश को आजादी दिलवाने के साथ-साथ विकास की मजबूत नींव रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में पंचवर्षीय योजनाओं की शुरुआत हुई, आईआईटी और एम्स जैसे राष्ट्रीय संस्थानों की स्थापना हुई तथा देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए।
शिकायत निवारण समिति के सदस्य बनेंगे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि युवा कांग्रेस जिन भी जिला अध्यक्षों के नाम उन्हें सौंपेगी, उन्हें शिकायत निवारण में शामिल किया जाएगा। दरअसल कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष युवा कांग्रेस के सक्रिय पदाधिकारियों को सरकार में एडजस्ट करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवा कांग्रेस व संगठन से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सरकार में जगह दी है। लिहाजा उन्होंने अन्यों को भी सरकार में एडजस्ट करने का आग्रह किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

