TMU ने निभाया अक्षय कुमार का वादा, छात्रों को दी ‘वेलकम टू दि जंगल’ की टिकटें
मुंबई। मुरादाबाद के तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) ने अभिनेता अक्षय कुमार के साथ किए गए वादे को निभाते हुए छात्रों को वेलकम टू द जंगल की टिकटें उपहार में दीं। विश्वविद्यालय की ओर से साझा किए गए एक वीडियो में दिखाया गया है कि अक्षय कुमार के विश्वविद्यालय दौरे के दौरान मंच से कही गई बात को टीएमयू ने अमल में उतारा। वीडियो के साथ विश्वविद्यालय ने लिखा कि टीएमयू में हमारा मानना है कि हर वादा निभाया जाना चाहिए। और जब सुपरस्टार अक्षय कुमार ने यह बात कही, तो हमारे पास सिर्फ एक ही रास्ता था—उसे पूरा करना।
वीडियो में उस कार्यक्रम की झलक दिखाई गई है, जब खचाखच भरे सभागार में छात्रों से संवाद के दौरान अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में कॉलेज प्रशासन से छात्रों को वेलकम टू द जंगल दिखाने की बात कही थी। कुछ दिनों बाद विश्वविद्यालय ने छात्रों के मोबाइल पर संदेश भेजकर उन्हें कॉलेज से फिल्म की टिकटें प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया। टिकट मिलने के बाद छात्रों की खुशी देखने लायक रही और वे समूह में फिल्म देखने पहुंचे। सोशल मीडिया पर भी विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि टीएमयू ने मंच पर कही गई बात को केवल प्रचार तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे निभाकर छात्रों के लिए यादगार अनुभव बना दिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

