पांवटा में आफत की बारिश…बह गई थार और बाइक
नालों की सफाई नहीं होने से सडक़ बनी दरिया; बाल-बाल बचे लोग, प्रशासन ने मांगी रिपोर्ट
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
शुक्रवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश ने पांवटा साहिब के जम्बू खाला क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। नालों की सफाई नहीं होने से बरसाती पानी सडक़ पर आ गया और तेज बहाव में एक थार जीप और एक बाइक बह गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश के बाद जम्बू खाला मार्ग पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। तेज बहाव के कारण सडक़ पर खड़ी थार जीप और बाइक पानी में बह गईं। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला। अचानक बढ़े जलस्तर के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर पड़े, जबकि स्कूल से लौट रहे बच्चों को परिजनों ने गोद में उठाकर सडक़ पार कराई। जलभराव के कारण काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पानी इतनी तेजी से आया कि संभलने का मौका नहीं मिला।
उनका कहना है कि यदि समय रहते लोग मौके पर न पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। एसडीएम द्विज गोयल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर पटवारी को भेजकर स्थिति का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहत की बात है कि कोई जनहानि नहीं हुई। जलभराव वाले क्षेत्रों की रिपोर्ट ली जा रही है तथा नालों की सफाई के लिए नगर परिषद को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि जम्बू खाला में हर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। उन्होंने नालों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

