पीएम के झंडी दिखाते ट्रैक पर दौड़ी ट्रेन

By: Jul 18th, 2026 12:55 am

करटोली से अंबाला कैंट तक चली पंजाब-अंबाला छावनी जंक्शन एक्सप्रेस, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
्रस्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
उत्तरी रेलवे ने सैनिकों, कर्मचारियों और आम रेल यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए दौलतपुर चौक के साथ सीमावर्ती पंजाब के कंडी क्षेत्र की (पंजाब)-अंबाला छावनी जंक्शन एक्सप्रेस रेल सेवा का शुक्रवार को शुभारंभ कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर की विभिन्न रेल परियोजनाओं के साथ इस नई एक्सप्रेस रेल सेवा का वर्चुअल उद्घाटन कर हरी झंडी दिखाई। नई ट्रेन के शुरू होने से पंजाब, हिमाचल और हरियाणा के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उद्घाटन के अवसर पर विशेष ट्रेन संख्या 04506 करटोली स्टेशन से दोपहर 3:40 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन दौलतपुर चौक, अंब अंदौरा, ऊना हिमाचल, नंगल डैम, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, मोरिंडा जंक्शन, सरहिंद जंक्शन, राजपुरा और अंबाला सिटी होते हुए रात 9:20 बजे अंबाला छावनी पहुंचेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। रेल सेवा शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और व्यापार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। उद्घाटन के दौरान यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इस नई रेल सेवा का स्वागत किया।

अमृत भारत रेलवे स्टेशन अंब-अंदौरा का वर्चुअल लोकार्पण
अंब। बहुप्रतीक्षित अमृत भारत रेलवे स्टेशन अंब-अंदौरा का लोकार्पण शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक बलबीर सिंह तथा पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारियों ने अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह की शोभा बढ़ाई। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का आधुनिक सुविधाओं के साथ व्यापक कायाकल्प किया गया है।

स्कूली बच्चों ने यादगार बनाए पल
करटोली से ऊना तक डॉ. डढवाल इंटरनेशनल स्कूल, सलोह बेरी के विद्यार्थियों ने नई एक्सप्रेस की पहली उद्घाटन यात्रा कर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। स्कूल के चेयरमैन हरमीक डढवाल ने बताया कि बच्चों ने ट्रेन यात्रा का भरपूर आनंद लिया और नई रेल सेवा शुरू होने पर खुशी व्यक्त की। शिक्षकों ने कहा कि यह यात्रा विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगी तथा उन्हें भारतीय रेल की आधुनिक सुविधाओं से भी रू-ब-रू होने का अवसर मिला। वहीं ट्रेन के चलने से अब बहुत बड़ी सुविधा मिलने जा रही है और लोगों में इसके लिए खासा उत्साह देखा जा रहा है।

करटोली कस्बे में जबरदस्त उत्साह
दौलतपुर चौक। देशभर के अन्य रेलवे स्टेशनों के साथ दौलतपुर चौक के नजदीक पंजाब के करटोली में नए बने रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर से वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इसके साथ नंगल-तलवाड़ा रेल रेल परियोजना की दौलतपुर चौक-करटोली के बीच बने नई रेल लाइन का भी उद्घाटन किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करटोली-अंबाला एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस नए रेल ट्रैक के शुरू होने से हिमाचल के साथ पंजाब की जनता की दशकों पुरानी मांग पूरी हुई है। जिससे क्षेत्र की जनता मे खुशी की लहर दौड़ गई है। नंगल- तलवाड़ा रेल लाइन अब दौलतपुर चौक से आगे बढ़ कर करटोली तक पहुंच गई। करटोली रेलवे स्टेशन को भी अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत निर्माण करके आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इस रेल ट्रेक के निर्माण के लिए 38.37 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इस मौके पर करटोली कस्बे में इस समारोह को लेकर जनता आमे खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोग इस लोकार्पण का गवाह बनने के लिए करटोली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे हुए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कहा थैंक्सदौलतपुर चौक।

पूर्व जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया ने करटोली(पंजाब)-अंबाला छावनी एक्सप्रेस रेल सेवा के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव तथा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों के हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और सैनिकों को सीधा लाभ मिलेगा। सुशील कालिया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा क्षेत्र के रेल नेटवर्क के विस्तार और यात्री सुविधाओं में लगातार किए जा रहे प्रयासों से विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी रेल सेवाएं शुरू होने कीपूर्व जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया ने करटोली(पंजाब)-अंबाला छावनी एक्सप्रेस रेल सेवा के शुभारंभ पर खुशी जताई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App