देश-विदेश के सैलानियों को भाया कांगड़ा, टूटे सारे रिकार्ड, मेहमानों की चहल-कदमी से कारोबारी खुश
प्रदेश की पर्यटन राजधानी में टूटे सारे रिकार्ड, मेहमानों की चहल-कदमी से कारोबारी खुश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की पर्यटन राजधानी कांगड़ा पर्यटन के नक्शे पर एक नई और स्वर्णिम इबारत लिख रही है। साल 2026 कांगड़ा के पर्यटन उद्योग के लिए एक बड़ी संजीवनी बनकर आया है। सैलानियों की बढ़ती तादाद पर्यटन व्यवसायियों के चेहरों पर मुस्कान लाई है, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती और उड़ान दे रही है। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान के अनुसार, इस वर्ष घरेलू और विदेशी, दोनों ही श्रेणियों के पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व उछाल देखने को मिला है। आंकड़ों पर गौर करें तो अप्रैल 2026 में लगभग 95 हजार घरेलू और 4600 विदेशी पर्यटकों ने कांगड़ा की वादियों का दीदार किया, जबकि पिछले वर्ष इसी माह में यह संख्या क्रमश: 89 हजार और 2700 तक ही सीमित थी।
मई महीने में तो यह आंकड़ा और भी उत्साहजनक रहा। मई 2026 में 1.26 लाख घरेलू और 3500 विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे, जो मई 2025 के 65 हजार घरेलू और 1750 विदेशी पर्यटकों की तुलना में लगभग दोगुना है। पिछले साल यानी 2025 में पर्यटन उद्योग को कई अप्रत्याशित झटके झेलने पड़े थे। हाल ही में आयोजित क्रिकेट मैच व अन्य विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और स्पोट्र्स टूरिज्म के चलते इस महीने भी पर्यटकों की संख्या में बंपर इजाफा होने की पूरी उम्मीद है। कांगड़ा में पर्यटन और पैराग्लाइडिंग का पीक सीजन 15 जुलाई तक रहता है, जिसे लेकर कारोबारी बेहद उत्साहित हैं। आने वाले दिनों में भी इस शानदार बूम के जारी रहने की पूरी संभावना है। पर्यटकों की इस बढ़ती आमद का सीधा और सकारात्मक लाभ जिला के होटल, होम-स्टे संचालकों, टैक्सी चालकों, पैराग्लाइडिंग पायलटों और स्थानीय छोटे कारोबारियों को मिल रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

