काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े की दि इंडिया स्टोरी का ट्रेलर रिलीज

By: Jul 18th, 2026 5:42 pm

मुंबई। काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े अभिनीत फिल्म दि इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइजऩ इन प्रोग्रेस का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह फिल्म कीटनाशक आधारित खेती और उसके समाज पर पडऩे वाले गंभीर प्रभावों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाती है। ज़ी स्टूडियोज़ और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म के ट्रेलर में एक रोमांचक कहानी के माध्यम से उन सच्चाइयों को उजागर किया गया है, जो करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं। ट्रेलर दमदार ड्रामा, प्रभावशाली अभिनय और सामाजिक संदेश से भरपूर है तथा साहस, न्याय और संघर्ष की प्रेरणादायक कहानी की झलक पेश करता है।

फिल्म के निर्देशक चेतन डीके ने कहा कि द इंडिया स्टोरी सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसी बातचीत की शुरुआत है, जो आज बेहद जरूरी है। इस कहानी के माध्यम से हमने उस समस्या पर रोशनी डालने की कोशिश की है, जो चुपचाप हर घर को प्रभावित कर रही है। काजल अग्रवाल ने कहा कि इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास और अर्थपूर्ण अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि मेरा किरदार हर मुश्किल के बावजूद सच का साथ देता है और यही इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है। श्रेयस तलपड़े ने कहा कि यह एक आम इंसान की असाधारण चुनौती के खिलाफ उम्मीद और हौसले के साथ लड़ी गई लड़ाई की कहानी है। मुझे विश्वास है कि दर्शक इसकी भावनाओं और संदेश से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे।

चेतन डीके के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं। फिल्म में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। तकनीकी टीम में सिनेमैटोग्राफर निशांत भागवत, संगीतकार मंगेश धाकड़े, एडिटर आशीष म्हात्रे, गीतकार शकील आज़मी और साउंड डिज़ाइनर अनमोल भावे शामिल हैं। फिल्म 24 जुलाई, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में रिलीज होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App