होर्मुज में हमला किया, तो तबाह कर देंगे, ट्रंप की ईरान को चेतावनी, उड़ा देंगे पुल-बिजली घर, तेहरान तक बरसेंगे बम
राष्ट्रपति ट्रंप की ईरान को चेतावनी; पुल और बिजली घर उड़ा देंगे, तेहरान तक बरसेंगे बम
एजेंसियां — वाशिंगटन, तेहरान
होर्मुज को लेकर अमरीका-ईरान में तनाव बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर ईरान को हमले की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में एक भी जहाज पर हमला हुआ, तो ईरान में पुल और बिजली घरों को उड़ा देंगे। इसमें तेहरान की राजधानी के अंदर या उसके पास मौजूद पुल और बिजलीघर भी शामिल होंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अब से अगर ईरान होर्मुज स्ट्रेट में किसी भी जहाज पर मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य हथियार से हमला करता है, तो अमरीका जवाब में ईरान के एक पुल या बिजलीघर को बम से उड़ा देगा। इससे पहले अमरीका ने बुधवार तडक़े ईरान के पांच शहरों में एक साथ एयर और मिसाइल स्ट्राइक की। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक चाबहार, कोनारक, तबरीज, बेहबहान और ओमीदियेह को निशाना बनाया गया।
सीजफायर टूटने के बाद अमेरिका ने लगातार 11वीं रात यह हमला किया। वहीं ईरान के परमाणु ठिकानों पर यदि अमरीका हमला करता है तो वह इलाके में मौजूद अमरीकी एवं उसके सहयोगी देशों के ‘हितों’ पर हमला करेगा। ईरान के खतम अल-अंबिया सेंट्रल हैडक्वार्टर ने यह बात कही है। कमांड ने कहा कि हम यह साफ करते हैं कि अगर हमलावर सेना इस हद तक आगे बढ़ती है, तो हम इसे इलाके में युद्ध को और बढ़ाने वाला कदम मानेंगे और इलाके में मौजूद सभी अमरीकी और सहयोगी हितों को हमारी सेना के जबरदस्त हमले का निशाना बनाया जाएगा। इससे पहले ईरानी सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अकरमिनिया ने कहा था कि सेना को नई वायु रक्षा प्रणाली मिली हैं। अकरमिनिया ने कहा कि इन नए वायु रक्षा प्रणाली ने हमारी रक्षा क्षमताओं को बहुत बढ़ा दिया है। अब हम दुश्मन के विमानों का मुकाबला करने में कहीं •ा्यादा सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि ईरान अमरीका के साथ संघर्ष के दौरान क्षतिग्रस्त हुई वायु रक्षा प्रणाली को ठीक करने में कामयाब रहा है।
बातचीत को लेकर गंभीर नहीं है ईरान
अमरीका ने ईरान पर बातचीत को लेकर गंभीर न होने का आरोप लगाया है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में चल रही आसियान विदेश मंत्रियों की बैठक में श्री रुबियो ने कहा कि इस वक्त हमारी समस्या यह है कि वे बातचीत को लेकर गंभीर नहीं हैं। अगर वे गंभीर हैं, तो हम भी गंभीर हैं। अगर वे गंभीर नहीं हैं, तो हम अपने और अपने सहयोगियों के हितों की रक्षा के लिए जो भी जरूरी होगा, वह करेंगे। कतर, मिस्र, पाकिस्तान और अन्य क्षेत्रीय मध्यस्थों ने अमरीका और ईरान के समक्ष 10 दिनों के युद्धविराम का प्रस्ताव रखा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

