सोलन बाइक चोरी मामले में पंजाब से दो आरोपी गिरफ्तार
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
पुलिस थाना सदर सोलन ने बाइक चोरी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ के दौरान लुधियाना से चोरी किए गए तीन अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस के अनुसार सोलन निवासी प्रीतम ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 28 जून को उन्होंने अपना मोटरसाइकिल बीडीओ कार्यालय के समीप खड़ा किया था, लेकिन कुछ देर बाद वह चोरी हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो युवक बाइक ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और संभावित मार्गों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने 2 जुलाई को पंजाब के लुधियाना निवासी नरजीत सिंह (36) और संगरूर निवासी कुलविंदर महेश (33) को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर लुधियाना से चोरी के तीन और मोटरसाइकिल बरामद किए गए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

