नाहन शहर में दो दिन में दो विशालकाय पेड़ धराशायी

By: Jul 28th, 2026 12:02 am

कच्चा टैंक में पेड़ की चपेट में आई कार; रानीताल में बिजली लाइन पर गिरा पेड़, पुराने पेड़ों के निरीक्षण की उठी मांग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन शहर में सडक़ों और गलियों के किनारे खड़े विशालकाय हरे व सूखे पेड़ अब खतरे का सबब बनने लगे हैं। महज दो दिनों में रानीताल और कच्चा टैंक क्षेत्र में दो बड़े पेड़ धराशायी हो गए। गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। सोमवार सुबह कच्चा टैंक से कैंट क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर पेड़ की चपेट में आने से एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार सोमवार तडक़े आरपी गेट के समीप एक विशाल पेड़ अचानक सडक़ पर गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी ऑल्टो कार (एचपी 71-2968) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के करीब आधा दर्जन अन्य वाहन भी खड़े थे, लेकिन उन्हें नुकसान नहीं पहुंचा। पेड़ गिरने से छावनी, रामकुंडी और जाबल का बाग क्षेत्र की आवाजाही कई घंटों तक प्रभावित रही। सूचना मिलने पर नगर परिषद और प्रशासन की टीम ने सडक़ से पेड़ हटाया और यातायात बहाल करवाया।

इससे एक दिन पहले रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे ऐतिहासिक रानीताल बाग में हिमफेड कार्यालय के समीप सफेदे का विशाल पेड़ जड़ से उखडक़र गिर गया। पेड़ रानीताल के मुख्य प्रवेश द्वार तक जा पहुंचा और बिजली की लाइन पर गिरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। उस समय बाग में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी के चपेट में न आने से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने रानीताल बाग सहित शहर के पुराने और विशाल पेड़ों का तकनीकी निरीक्षण करवाने तथा आवश्यक छंटाई की मांग की है। नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि खतरनाक, सूखे और गिरने की स्थिति में पहुंच चुके पेड़ों को चिन्हित कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। ऐसे पेड़ों का ऑक्शन कर कटान करवाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App