नाहन में चिट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार
पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार से पकड़ा नशा; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, तीन दिन की पुलिस रिमांड
कार्यालय संवाददाता-नाहन
सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाहन में 11.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो स्थानीय युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना नाहन में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिरमौर पुलिस डिटेक्शन सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि कार (एचपी-71-5999) में सवार दो युवक कालाअंब से नाहन की ओर चिट्टे की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाहन में नाकाबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 11.85 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने सुरला गांव निवासी रमन और यशवंत विहार निवासी 23 वर्षीय विलक्षण को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

