ददाहू सिविल अस्पताल में सालों से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप
मशीन होने के बावजूद नहीं मिल रही सुविधा; गर्भवती महिलाओं और मरीजों को नाहन का करना पड़ रहा रुख, लोगों में रोष
कार्यालय संवाददाता-नाहन
सिविल अस्पताल ददाहू में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध होने के बावजूद वर्षों से जांच सुविधा बंद पड़ी है। इससे क्षेत्र के मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें जांच के लिए मेडिकल कालेज नाहन अथवा निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों पवन शर्मा, राजेंद्र सिंह और अरुण सहित अन्य लोगों ने बताया कि प्रदेश सरकार नए स्वास्थ्य संस्थानों में अल्ट्रासाउंड मशीनें उपलब्ध करा रही है, जबकि ददाहू जैसे स्थापित अस्पताल में वर्षों से मौजूद मशीन का उपयोग नहीं हो पा रहा है। उनका कहना है कि लगभग दस वर्षों से मशीन होने के बावजूद नियमित अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। लोगों का आरोप है कि रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के कई स्वास्थ्य संस्थान केवल रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं, जिससे मरीजों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से भरोसा उठता जा रहा है। इसके चलते अधिकांश मरीज इलाज के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज या निजी अस्पतालों का रुख करने को मजबूर हैं।
बीएमओ धगेड़ा डाक्टर मोनिशा अग्रवाल के बोल…
बीएमओ धगेड़ा डाक्टर मोनिशा अग्रवाल ने बताया कि सिविल अस्पताल ददाहू में मरीजों की संख्या अधिक रहती है। उन्होंने स्वयं भी पूर्व में यहां अल्ट्रासाउंड सेवाएं दी हैं, लेकिन लंबे समय से यह सुविधा बंद है। उधर, क्षेत्रवासियों ने सरकार से मांग की है कि ददाहू सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सहित सभी आवश्यक जांच सेवाएं जल्द बहाल की जाएं। उनका कहना है कि अस्पताल का भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है, लेकिन मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध न होने से मरीजों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही नाहन मेडिकल कालेज में भी अल्ट्रासाउंड के लिए लंबी प्रतीक्षा के कारण मरीजों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

